हनुमानगढ़। राष्ट्रीय युवक परिषद की ग्रामीण स्तर पर संगठनात्मक मजबूती के उद्देश्य से शनिवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने की। इस दौरान परिषद के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों तक संगठन की पहुंच बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में फतेहपुर ढालिया निवासी मनजीत सिंह को जिला संयुक्त सचिव के पद पर नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति से परिषद को ग्राम स्तर पर नई ऊर्जा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई। जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने कहा कि मनजीत सिंह संगठन के प्रति समर्पित भाव से कार्य करते हुए ग्रामीण युवाओं को परिषद से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएंगे। इस मौके पर यह भी जानकारी दी गई कि उन्हें फतेहपुर, ढालिया एवं गाहडू क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। वे शीघ्र ही अपनी कार्यकारिणी का गठन कर परिषद को रिपोर्ट सौंपेंगे, जिससे संगठन की गतिविधियों को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी और ग्रामीण युवाओं को नेतृत्व के अवसर प्राप्त होंगे। बैठक में महिला विंग अध्यक्ष सुनीता भाटी, वीरेंद्र जैन, राकेश त्यागी, रामगोपाल सेन, कुरड़ाराम, राहुल मिश्रा, गिरिराज शर्मा, रामकरण वर्मा, परमजीत सिंह और घनश्याम बिहानी सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने मनजीत सिंह की नियुक्ति का स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
