हनुमानगढ़। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय कार्यकारिणी बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों एवं जिला अध्यक्षों ने भाग लेकर व्यापारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा की। बैठक में संगठन को सशक्त बनाने तथा व्यापारी वर्ग की समस्याओं को प्रभावी ढंग से सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। हनुमानगढ़ जिले से उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र मारवाल एवं कृष्ण स्वामी ने बैठक में शिरकत कर जिले का प्रतिनिधित्व किया। बैठक की अध्यक्षता प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुकुल गोयल ने की। अपने संबोधन में उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से पधारे पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से बैठक का सफल आयोजन संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में व्यापारी वर्ग कई चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे में संगठन की जिम्मेदारी है कि वह व्यापारियों की आवाज को मजबूती से उठाए और उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करे। मुकुल गोयल ने स्पष्ट किया कि प्रकोष्ठ का उद्देश्य केवल औपचारिक बैठकों तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर व्यापारियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। बैठक में यह भी संकल्प लिया गया कि प्रदेश में व्यापारियों पर हो रहे कथित अत्याचारों एवं प्रशासनिक दबाव के मामलों को प्रमुखता से उठाया जाएगा और आवश्यक होने पर व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। कार्यकारिणी सदस्यों ने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, जिला एवं ब्लॉक स्तर पर सक्रियता बढ़ाने तथा व्यापारी वर्ग के साथ नियमित संवाद स्थापित करने पर जोर दिया। अंत में पदाधिकारियों ने एकजुट होकर व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत रहने की प्रतिबद्धता दोहराई।
