
हनुमानगढ़। टाउन स्थित यातायात शाखा परिसर में जनसहयोग से नवनिर्मित विश्राम गृह का लोकार्पण सोमवार को पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने विधिवत किया। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई, वृताधिकारी मीनाक्षी चौधरी, यातायात प्रभारी अनिल चिन्दा, पूर्व उपसभापति नगीना बाई, पूर्व पार्षद गुरदीप सिंह, व्यापारी इन्द्र हिसारिया सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। विश्राम गृह का निर्माण यातायात प्रभारी अनिल चिन्दा की ओर से भामाशाहों के सहयोग से करवाया गया है। पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि एविडेंस पर आने वाले अधिकारियों व जवानों के रहने लिए विश्राम गृह में रूकने की व्यवस्था रहेगी ताकि अधिकारियों व जवानों का वैलफेयर सुनिश्चित हो सके। एसपी ने बताया कि इस तरह के कार्यांे के लिए स्थानीय व्यापारी वर्ग एवं नागरिकों का काफी सहयोग पुलिस विभाग को मिल रहा है। हाल ही में पुलिस कन्ट्रोल रूम व पुलिस लाइन में भी जनसहयोग से काफी कार्य हुआ है। उम्मीद है कि शहरवासियों के सहयोग से इस तरह के कार्य चलते रहेंगे ताकि जवानों का मोटिवेशन बना रहे और अच्छी पुलिसिंग रहे। हादसों में बढ़ोतरी होने के सवाल के जवाब में एसपी ने बताया कि पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। एडिशनल एसपी, सीओ और टीआई लगातार फिल्ड में रहकर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। लोगों से समझाइश की जा रही है कि यातायात नियमों की पालना करें। गाड़ियों को चैक भी किया जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही हादसों पर लगाम लगेगी।

