ऐलनाबाद। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित जाट भवन में सम्पन्न हुई। बैठक में इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. संपत सिंह, प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष आरएस चौधरी व शेर सिंह बडशामी, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव प्रकाश भारती, राष्ट्रीय संसदीय बोर्ड अध्यक्ष वासुदेव शर्मा, सदस्य एमएस मलिक व राधेश्याम शर्मा, राष्ट्रीय संगठन सचिव उमेद लोहान, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. सतबीर सैनी, महिला प्रदेश संयोजक तनुजा कश्यप सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था और अमेरिकी ट्रेड टैरिफ से जुड़े जनहित के दो प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इसके साथ ही भाजपा सरकार द्वारा बीपीएल व राशन कार्ड काटे जाने की कड़ी निंदा करते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। 23 मार्च को नरवाना में प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय युवा सम्मेलन को सफल बनाने को लेकर विस्तृत मंथन किया गया तथा सभी जिलों के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए। अपने संबोधन में चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए इनेलो ही प्रदेश की जनता का एकमात्र विकल्प है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस मुख्य विपक्ष की भूमिका निभाने में विफल रही है, जबकि केवल दो विधायकों के बावजूद इनेलो प्रभावी विपक्ष की भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, कर्मचारी, व्यापारी, महिला, युवा और बुजुर्ग—सभी वर्ग भाजपा सरकार की नीतियों से त्रस्त हैं। बेरोजगारी चरम पर है और उच्च पदों पर बाहरी लोगों की नियुक्तियां हो रही हैं। उन्होंने बताया कि 23 मार्च को गोहाना में इनेलो का बड़ा युवा सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में युवा भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे। राष्ट्रीय संयोजक प्रो. संपत सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं के साथ विश्वासघात किया है। सत्ता में आने से पहले किए गए वादे पूरे नहीं हुए और आज प्रदेश का युवा बेरोजगारी से जूझ रहा है। सरकारी भर्तियों में बाहरी प्रदेशों के लोगों को प्राथमिकता दिए जाने से युवाओं में हताशा बढ़ी है। 23 मार्च का युवा सम्मेलन नई ऊर्जा का संचार करेगा। प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने कहा कि चौधरी अभय सिंह चौटाला ही प्रदेश की जनता की एकमात्र उम्मीद हैं जो भ्रष्ट भाजपा को सत्ता से उखाड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि भाखड़ा जल विवाद हो या बुढ़ापा पेंशन का मुद्दा—हर बार अभय सिंह चौटाला के दबाव में सरकार को फैसला बदलना पड़ा। माजरा ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में शिक्षा व बुनियादी ढांचे की हालत खराब है और सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है।
