हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत गुरुसर में आज एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल के अंतर्गत लंबे समय से प्रतीक्षित पट्टों का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम में सरपंच रामेश्वर लाल, उप-सरपंच मेहर सिंह, वार्ड पंच अमनदीप कौर, ग्राम विकास अधिकारी विमला स्वामी, कंप्यूटर ऑपरेटर नवीन तथा पवन सहित पंचायत के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बताया गया कि गांव के कई गरीब और जरूरतमंद परिवार वर्षों से जिस भूमि पर निवास कर रहे थे, उस पर उन्हें अब तक कानूनी अधिकार प्राप्त नहीं हो पाया था। पट्टों के अभाव में इन परिवारों को अनेक सामाजिक और प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। पंचायत द्वारा आज किए गए इस वितरण से इन परिवारों को उनके निवास स्थान पर वैधानिक हक मिला है। पट्टे प्राप्त करने वाले लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम उनके जीवन में सुरक्षा और स्थायित्व लेकर आया है। पंचायत प्रतिनिधियों ने भी आश्वासन दिया कि भविष्य में भी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू किया जाएगा। यह पहल ग्राम पंचायत गुरुसर में सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
