हनुमानगढ़। सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को लेकर पुलिस लाइन हनुमानगढ़ में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य सेवानिवृत्त कार्मिकों की लंबित विभागीय एवं प्रशासनिक समस्याओं को सुनकर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना रहा। पुलिस अधीक्षक जिला हनुमानगढ़ हरी शंकर ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस मुख्यालय जयपुर तथा महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज के निर्देशानुसार सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए यह बैठक आयोजित की गई।

बैठक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ अरविन्द बिश्नोई की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों से सीधा संवाद स्थापित किया गया। उनकी व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं विभागीय समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा प्राप्त सुझावों एवं प्रकरणों के आधार पर नियमानुसार त्वरित कार्यवाही हेतु संबंधित शाखाओं को निर्देशित किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र सेवानिवृत्त कार्मिक को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा और सभी मामलों का समाधान मानवीय दृष्टिकोण से किया जाएगा। चर्चा के प्रमुख बिंदुओं में पेंशन प्रकरण, चिकित्सा सुविधाएं, पहचान पत्र जारी करने, कल्याणकारी योजनाओं का लाभ, पारिवारिक पेंशन, लंबित भुगतान, तथा अन्य प्रशासनिक विषय शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि जिन मामलों में दस्तावेजों की कमी या तकनीकी कारणों से विलंब हो रहा है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करवाया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भविष्य में इस प्रकार की संवादात्मक बैठकों का आयोजन नियमित अंतराल पर किया जाएगा, जिससे सेवानिवृत्त कर्मियों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस अवसर पर पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार, सर्किल निरीक्षक पुलिस लाइन हनुमानगढ़ सहित जिले के कई सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें अति पुलिस अधीक्षक जोगेन्द्र सिंह, आनंद प्रकाश स्वामी, अति पुलिस अधीक्षक महावीर प्रसाद, ओमप्रकाश गोदारा, आरपीएस काशीराम मूंढ, आरपीएस सीताराम मिश्रा, पुलिस निरीक्षक घुकर सिंह एवं डालूराम शामिल रहे। इसके अतिरिक्त लगभग 30 से 35 सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय की लेखा शाखा, बल शाखा एवं सामान्य शाखा के प्रभारी भी बैठक में मौजूद रहे। बैठक के अंत में अधिकारियों ने सेवानिवृत्त कर्मियों को आश्वस्त किया कि उनकी सेवा का सम्मान पुलिस विभाग की प्राथमिकता है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
