हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर की ओर से प्रेषित स्टेट एक्शन प्लान की अनुपालना में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया की ओर से शुक्रवार को जंक्शन स्थित नवज्योति दिव्यांग कल्याण एवं पुनर्वास संस्थान कॉलेज में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सचिव गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को राष्ट्रीय लोक अदालत, मध्यस्थता अभियान, नि:शुल्क विधिक सहायता, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यांे, स्थाई लोक अदालत के अंतर्गत आने वाली जनोपयोगी सेवाओं के लिए न्याय आपके द्वार अभियान, राजस्थान पीड़ित प्रतिकर योजना एवं मामलों की राजीनामा प्रक्रिया, नालसा मानसिक रोग और बौद्धिक अक्षमता वाले व्यक्तियों को कानूनी सेवाएं योजना, 2024 आदि के बारे में बताया। चीफ एलएडीसी अधिवक्ता ऋषिराज बेनीवाल ने नालसा व रालसा की योजनाओं, बाल विवाह रोकथाम के लिए नालसा आशा योजना 2025, नि:शुल्क विधिक सहायता, नालसा हेल्पलाइन 15100 के बारे में अवगत करवाया और आमजन में प्रचार-प्रसार करने के लिए प्रोत्साहित किया। समाज कल्याण विभाग उपनिदेशक विक्रम सिंह ने भी आमजन व दिव्यांगों के लिए चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में प्रशिक्षु मजिस्ट्रेट पूनम राठौड़, चांदनी जैन, तनु वर्मा, अमन तेनगुरिया, भरत यादव तथा नवज्योति दिव्यांग कल्याण एवं पुनर्वास संस्थान अध्यक्ष भीष्म कौशिक मौजूद रहे।
