हनुमानगढ़। श्री खाटू श्याम दीवाने मंडल की ओर से फाल्गुन महोत्सव के अवसर पर आठवीं अरदास निशान यात्रा शुक्रवार को फाल्गुन सुदी ग्यारस के पावन पर्व पर भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में सम्पन्न हुई। यात्रा का शुभारंभ जंक्शन स्थित दुर्गा मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया, जहां “हारे के सहारे” बाबा श्याम के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो उठा। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में उत्साहपूर्वक शोभायात्रा में भाग लिया। निशान ध्वजाओं, भजनों और जयकारों के साथ निकली यह शोभायात्रा दुर्गा मंदिर धर्मशाला से आरंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई टाउन-जंक्शन रोड स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर पहुंचकर सम्पन्न हुई।

शोभायात्रा के दौरान पूरे शहर का वातावरण भक्तिरस में डूबा रहा। श्रद्धालु भजनों पर झूमते-नाचते नजर आए और मार्ग भर बाबा श्याम के जयघोष गूंजते रहे। यात्रा में विशेष आकर्षण का केंद्र बाबा श्याम का भव्य एवं सुसज्जित दरबार, सुंदर-सुंदर झांकियां, फूलों की होली तथा इत्र वर्षा रही, जिसने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद से भर दिया। इस धार्मिक आयोजन में सामाजिक व राजनीतिक क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों ने भी सहभागिता की। शोभायात्रा में भारतीय जनता पार्टी के नेता अमित चौधरी एवं हिमांशु महर्षि ने शिरकत कर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने मंडल के इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आपसी सौहार्द का प्रतीक बताया।

श्री श्याम दीवाने मंडल के सदस्यों ने जानकारी दी कि जैसे खाटू धाम में सूरजगढ़ का निशान चढ़ाया जाता है, उसी भावना और जज्बे के साथ मंडल द्वारा प्रत्येक वर्ष फाल्गुन एकादशी पर श्री बांके बिहारी मंदिर में निशान चढ़ाने की परंपरा निभाई जा रही है। इसी क्रम में इस वर्ष आठवीं निशान ध्वजा यात्रा का आयोजन किया गया। आयोजन को और भी आकर्षक बनाने के लिए निशान उठाने वाले श्रद्धालुओं को टोकन पर्चियां दी गईं, जिनकी लॉटरी के माध्यम से इलेक्ट्रिक स्कूटी सहित अन्य आकर्षक उपहार वितरित किए जाएंगे। इससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष पवन वाट्स, सचिव लोकेश सहगल, कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल, महासचिव लक्की जुनेजा सहित मनोज अग्रवाल, नरेश गोयल, प्रवीण सोनी, केशवानंद चुघ, मुकेश भदरा और अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। यात्रा के शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित समापन पर श्रद्धालुओं ने मंडल का आभार व्यक्त किया।
