हनुमानगढ़। टाउन स्थित आशीर्वाद पैलेस में पूर्वा प्रजापति कुम्हार समाज द्वारा होली स्नेह मिलन समारोह का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के महिला-पुरुषों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। आयोजन का मुख्य उद्देश्य आपसी सौहार्द, सामाजिक एकता और संगठन को सशक्त बनाना रहा। समारोह के मुख्य अतिथि दयाल राम चकेणिया रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विशन ढिलवाड़ी उपस्थित रहे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में अशोक झालामंड सिनावड़िया (जोधपुर) ने समाज को संबोधित किया। अतिथि के रूप में खेताराम प्रजापति सिनावड़िया ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ समाज के आराध्य देव दक्ष प्रजापति के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का पारंपरिक रूप से माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में समाज की वर्तमान स्थिति, संगठन की भूमिका तथा भावी दिशा पर विस्तार से प्रकाश डाला।

स्नेह मिलन के दौरान हनुमानगढ़ की नई कार्यकारिणी के गठन पर विचार-विमर्श किया गया। सर्वसम्मति से सोहनलाल हरकिया को पूर्वा प्रजापति कुम्हार समाज, हनुमानगढ़ का अध्यक्ष घोषित किया गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष का समाज के गणमान्य लोगों ने माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर सोहनलाल हरकिया ने कहा कि समाज ने जो विश्वास उन्हें सौंपा है, उसे वे तन-मन-धन से निभाएंगे।

उन्होंने वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन में समाज को शिक्षा, संगठन और एकता के मार्ग पर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में समाज में व्याप्त कुरीतियों, शिक्षा के प्रसार, आपसी भाईचारे और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने जैसे विषयों पर भी गंभीर चर्चा हुई। समारोह के अंत में सभी उपस्थितजनों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

