हनुमानगढ़। टाउन की बरकत कॉलोनी (वार्ड नंबर 44) में मोहल्लेवासियों द्वारा होली का पर्व बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ सामूहिक रूप से मनाया गया। आयोजन में कॉलोनी के बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

सुबह से ही कॉलोनी में उत्सव का माहौल देखने को मिला। रंग-बिरंगे गुलाल और पारंपरिक होली गीतों के बीच लोगों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। डीजे की धुन पर युवा वर्ग ने जमकर नृत्य किया, वहीं छोटे बच्चों का उत्साह भी देखने लायक रहा।

महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। बड़ी संख्या में महिलाओं ने आयोजन में हिस्सा लिया और होली के गीतों पर नृत्य कर कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई। मोहल्ले के वरिष्ठ नागरिकों ने कहा कि इस प्रकार के सामूहिक आयोजन से आपसी प्रेम, एकता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है।

उन्होंने युवाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

पूरे आयोजन के दौरान शांति और अनुशासन बनाए रखा गया। रंगों की मस्ती और उत्साह के बीच बरकत कॉलोनी में होली का यह सामूहिक आयोजन आपसी सौहार्द और भाईचारे की मिसाल बन गया।

