हनुमानगढ़। होली पर्व को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर में विशेष “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान चलाया। 24 फरवरी से 3 मार्च तक चले इस अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सामग्री के 32 सैम्पल संग्रहित किए, जिन्हें जांच के लिए बीकानेर स्थित जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि आयुक्तालय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान की आयुक्त आईएएस डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन में पूरे राज्य में यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।

अभियान का मुख्य उद्देश्य होली के अवसर पर आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत मावा, मिठाई, नमकीन और डेयरी उत्पादों की विशेष रूप से सघन जांच की गई। इस दौरान जिले के विभिन्न स्थानों से कुल 32 खाद्य सैम्पल लेकर उन्हें जांच के लिए बीकानेर स्थित जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला में भेजा गया है। सोमवार को निरीक्षण के दौरान टीम ने हनुमानगढ़ स्थित मै. सांझा चूल्हा रिजोर्ट से दही, डबलीराठान में संचालित मै. जय भैरो मिष्ठान भंडार से कलाकंद, मै. श्री राधे मिष्ठान से रसगुल्ला तथा मै. जुनेजा होटल से दही के नमूने लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।

सीएमएचओ ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रफीक मोहम्मद, सुदेश कुमार, हीरावल्लभ, अशोक कुमार और गुरुशरण सिंह शामिल रहे। विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी खाद्य सामग्री में मिलावट की आशंका हो तो इसकी सूचना विभागीय हेल्पलाइन पर देकर प्रशासन की कार्रवाई में सहयोग करें।
