पोषाहार प्रभारी पर छात्रा से अश्लील हरकत का आरोप, कार्रवाई की मांग को लेकर धरना
हनुमानगढ़। गांव मैनावाली स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 9 की एक छात्रा से अश्लील हरकत करने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर धरना शुरू कर दिया और आरोपी पोषाहार प्रभारी को निलंबित करने के साथ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

इधर, पीड़ित छात्रा के परिजन व ग्रामीण महिला पुलिस थाना पहुंचे और लिखित परिवाद प्रस्तुत किया। परिवाद के आधार पर पुलिस ने आरोपी पोषाहार प्रभारी के खिलाफ छेड़छाड़ संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी 13 वर्षीय पुत्री गांव मैनावाली के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 9 की नियमित छात्रा है। आरोप है कि 28 फरवरी को विद्यालय में पोषाहार प्रभारी सलामत अली निवासी जोरावरपुरा ने आधी छुट्टी के दौरान करीब एक बजे छात्रा को हस्ताक्षर करवाने के बहाने विद्यालय के एक अलग कमरे में बुलाया।

परिजनों के अनुसार कमरे में ले जाकर आरोपी ने छात्रा के साथ अश्लील हरकतें कीं। इस दौरान छात्रा के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसी कक्षा में पढ़ने वाली उसकी सहेली वहां पहुंच गई। सहेली को आता देख आरोपी मौके से बाहर निकल गया। बताया जा रहा है कि छुट्टी के बाद घर पहुंचने पर छात्रा ने रोते हुए पूरी घटना अपनी मां को बताई। घटना के बाद से छात्रा मानसिक रूप से काफी घबराई हुई है और डर के कारण विद्यालय भी नहीं जा पा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने विद्यालय पर तालाबंदी कर धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने आरोपी कर्मचारी को तत्काल निलंबित करने तथा उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। महिला थाना प्रभारी रजनदीप कौर ने बताया कि आरोपी पोषाहार प्रभारी के खिलाफ छेड़छाड़ की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।


