हनुमानगढ़। कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर हनुमानगढ़ की बेटी गरिमा जस्सू ने देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक यूपीएससी (आईएएस) में सफलता हासिल कर इतिहास रच दिया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से न केवल जस्सू परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है। गरिमा जस्सू, वरिष्ठ पत्रकार (सेवानिवृत्त) पृथ्वीराज जस्सू की सुपुत्री हैं। उनके दादा स्वर्गीय विद्या सागर जस्सू मूल रूप से गांव साढासर के निवासी थे, जबकि वर्तमान में परिवार हनुमानगढ़ में निवास करता है। गरिमा अपने परिवार की उस परंपरा को आगे बढ़ा रही हैं जिसमें शिक्षा, संस्कार और समाज सेवा को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इसके साथ ही गरिमा अपने ननिहाल पक्ष की ओर से भी एक प्रतिष्ठित परिवार से संबंध रखती हैं। वह स्वर्गीय बनवारी लाल सारस्वा (44 एलएलडब्ल्यू, पंडितां वाली ढाणी) की दोहिती हैं। परिवार और समाज के संस्कारों के बीच पली-बढ़ी गरिमा ने अपनी कड़ी मेहनत और निरंतर प्रयासों से यह मुकाम हासिल किया है। यूपीएससी जैसी कठिन और प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षा में सफलता प्राप्त करना किसी भी अभ्यर्थी के लिए अत्यंत चुनौतीपूर्ण होता है। देशभर के लाखों प्रतिभागियों में से चुनिंदा उम्मीदवार ही इस परीक्षा में सफलता हासिल कर पाते हैं। ऐसे में गरिमा जस्सू की यह उपलब्धि उनके समर्पण, अनुशासन और मजबूत लक्ष्य का प्रतीक है। गरिमा की इस ऐतिहासिक सफलता से परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। लोगों का कहना है कि गरिमा की यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों और युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उनके इस मुकाम तक पहुंचने से यह संदेश भी मिलता है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। गरिमा जस्सू की सफलता पर जस्सू परिवार ढांड की ओर से उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गई हैं। परिवार के सदस्यों ने कहा कि गरिमा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से न केवल परिवार बल्कि पूरे समाज का नाम रोशन किया है। इस अवसर पर गरिमा के चाचा दीपेन्द्रकांत शर्मा, जो राजस्थान ग्रामीण बैंक में मैनेजर पद से सेवानिवृत्त हैं, ने भी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि गरिमा की यह उपलब्धि पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने गरिमा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह प्रशासनिक सेवा में रहते हुए समाज और देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगी। गरिमा जस्सू की इस शानदार सफलता से हनुमानगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। सभी लोग उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल और सफल भविष्य की कामना कर रहे हैं।
