पीलीबंगा। अदालत के आदेश पर पीलीबंगा पुलिस थाने में एक व्यक्ति को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने और पैसे हड़पने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गांव बहलोलनगर निवासी हनुमान प्रसाद (36) पुत्र मोटाराम मेघवाल ने अदालत में इस्तगासा पेश किया। अदालत के आदेश पर यह मामला पीलीबंगा थाने को भेजा गया, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। परिवादी ने बताया कि वह गुरुनानक इलेक्ट्रिक वर्क्स, पीलीबंगा में कमीशन पर काम करता है। इसी दौरान गांव के ही भंवरलाल पुत्र ओमप्रकाश से उसकी जान-पहचान हो गई। आरोप है कि भंवरलाल और उसकी पत्नी सीमा अक्सर आर्थिक तंगी का हवाला देकर उससे पैसे मांगते थे। भरोसे में लेकर अलग-अलग समय पर उससे ऑनलाइन और नकद राशि ले ली। परिवादी के अनुसार 30 जून 2025 को पीलीबंगा मंडी में उसने भंवरलाल को 1.50 लाख रुपए नकद दिए थे। बाद में पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दी और 19 अगस्त 2025 को अपने बैंक खाते का 1.50 लाख रुपए का चेक देकर कुछ दिन बाद बैंक में लगाने को कहा। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि जब उसने पैसे वापस मांगने का दबाव बनाया तो भंवरलाल, उसकी पत्नी सीमा और सीमा के जीजा सहीराम ने मिलकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोप है कि तीनों ने धमकी दी कि यदि उसने पैसे मांगे तो उस पर झूठा बलात्कार का मुकदमा दर्ज करवा देंगे। परिवादी का कहना है कि आरोपियों ने बाद में उस पर झूठा मामला भी दर्ज करवा दिया और उसे समझौता करने के लिए दो लाख रुपए की मांग की। अदालत के आदेश पर पुलिस ने भंवरलाल, सीमा और सहीराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई हरीराम को सौंपी गई है।
