
हनुमानगढ़। सर्द मौसम में जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से पार्वती देवी रामकिशन झंवर फाउंडेशन व बीबोम मीडिया प्राइवेट लिमिटेड की ओर से बुधवार को हाउसिंग बोर्ड स्थित महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में गर्म वस्त्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के 119 बच्चों को जर्सी, जूते व जुराबें वितरित की गईं। बच्चों के चेहरों पर गर्म कपड़े पाकर खुशी साफ नजर आई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक गणेश राज बंसल एवं निवर्तमान सभापति रहे, जबकि अध्यक्षता फाउंडेशन संस्थापक श्यामसुंदर झंवर ने की। इस मौके पर विधायक गणेश राज बंसल ने कहा कि समाज के कमजोर वर्ग के बच्चों की सहायता करना सभी का नैतिक दायित्व है। शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा का भी ध्यान रखना जरूरी है, ताकि वे बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और अन्य लोगों को भी प्रेरित करते हैं। निवर्तमान सभापति सुमित रणवां ने कहा कि ठंड के मौसम में गर्म वस्त्र जरूरतमंद बच्चों के लिए किसी वरदान से कम नहीं होते। सेवा भाव से किए गए कार्य ही समाज को मजबूत बनाते हैं और जरूरतमंदों के जीवन में बदलाव लाते हैं। श्यामसुंदर झंवर ने कहा कि पार्वती देवी रामकिशन झंवर फाउंडेशन सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। फाउंडेशन का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यांे के माध्यम से जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना है। भविष्य में भी इसी तरह के सेवा कार्य जारी रहेंगे। इस मौके पर जुगल किशोर राठी, संजय सेठी, मदन गोयल, कमलेश झंवर, पवन बिहाणी, सोमदत्त शर्मा मौजूद रहे।
