– न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में हादसा, विद्युत विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल
हनुमानगढ़। जंक्शन के न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बुधवार को खुले में पड़ी विद्युत तारों में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गई। घटना का पता चलते ही क्षेत्र के गोसेवकों में रोष फैल गया और वे मौके पर एकत्रित होकर विद्युत विभाग की लापरवाही के खिलाफ नाराजगी जताने लगे। सूचना मिलने पर जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के कनिष्ठ अभियंता भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

भटनेर जीव निस्वार्थ संस्था के प्रतिनिधि विजय जांगिड़, भगवती ने बताया कि शहर में कई स्थानों पर विद्युत तारें खुले में पड़ी हुई हैं, जिनके बारे में विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इन लापरवाहियों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन इसके बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी जंक्शन क्षेत्र की लालाजी बालाजी मार्केट और खुंजा इलाके में करंट लगने से दो नंदियों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद विद्युत विभाग ने समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया।

उन्होंने बताया कि संस्था के सदस्यों को बुधवार को सूचना मिली कि न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पोल पर झूल रही विद्युत तारों में करंट प्रवाहित होने से एक गाय उसकी चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही गोसेवक मौके पर पहुंचे और घटना को लेकर कड़ा विरोध जताया। गोसेवकों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की कि शहर में खुले पड़े विद्युत तारों को तुरंत ठीक कराया जाए और उन्हें सुरक्षित ढंग से ढका जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया तो गोसेवकों को आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

