
हनुमानगढ़। किसान बहुउदेशीय सहकारी समिति लिमिटेड पल्लू के अध्यक्ष आत्माराम ने बुधवार को एडीएम उम्मेदीलाल मीना को ज्ञापन सौंपकर सोसायटी का लाइसेंस बहाल करवाने की मांग की। आत्माराम पुत्र हरीराम निवासी रामपुरा उर्फ रामसरा ने आरोप लगाया कि पल्लू के सहायक कृषि अधिकारी ओम सुथार, किसानों को भ्रमित कर उसकी छवि खराब करना चाहते हैं। आत्माराम के अनुसार सहायक कृषि अधिकारी ओम की ओर से 19 दिसम्बर को किसानों को सूचना दी गई कि किसान बहुदेशीय सहकारी समिति लिमिटेड पल्लू पर 300 बैग यूरिया खाद आई है जो कल वितरण की जाएगी लेकिन उसकी सोसायटी पर यूरिया खाद नहीं आई थी क्योंकि उसकी सोसायटी का लाइेंस 3 दिन पहले ही निलंबित कर दिया था। आत्माराम ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उसने यूरिया की कालाबाजारी नहीं की। उसने यूरिया का वितरण पोस मशीन व पक्के बिल के जरिए किया है। वितरण करते समय एक किसान ने उससे 100 बैग की डिमांड की थी लेकिन उसने पांच बैग देने की समझाइश की तो उक्त किसान आग-बबूला हो गया। तभी दस किसान पिकअप में यूरिया डालने लगे। उसने वीडियोग्राफी कर ली। इसके बाद कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए उसकी शिकायत कर दी। आत्माराम के अनुसार उसने यूरिया वितरण में कोई गड़बड़ी नहीं की। उसने जिन किसानों को यूरिया खाद का वितरण किया उन किसानों की सूची उसके रजिस्टर में दर्ज है। आत्माराम ने एडीएम से मांग की कि उसकी सोसायटी का लाइसेंस बहाल किया जाए। उधर, जब इस बारे में कृषि (विस्तार) संयुक्त निदेशक डॉ. प्रमोद यादव से बात की गई तो उनका कहना था कि इस संबंध में डब्ल्यूओ को नोटिस दिया गया है।
