हनुमानगढ़। क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडर बुकिंग के दौरान आमजन को आ रही परेशानियों को लेकर पूर्व विधायक धर्मेंद्र मोची ने हनुमानगढ़ स्थित जिला रसद अधिकारी सुनील घोड़ेला से शिष्टाचार मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की समय पर आपूर्ति नहीं होने, बुकिंग में देरी तथा वितरण प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों के बारे में अधिकारियों को अवगत कराया। पूर्व विधायक मोची ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर आमजन के दैनिक जीवन से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण आवश्यकता है। ऐसे में बुकिंग और आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्था को सुचारू बनाने तथा उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। इस दौरान जिला रसद अधिकारी सुनील घोड़ेला ने बीकानेर स्थित बुकिंग ऑफिसर से टेलीफोन पर वार्ता कर क्षेत्र में आ रही समस्याओं से अवगत करवाया और जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध करवाने और बुकिंग प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देने की बात कही। पूर्व विधायक धर्मेंद्र मोची ने कहा कि जनता की सुविधा और उनके दैनिक जीवन से जुड़ी आवश्यक सेवाओं को सुचारू रूप से उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्रवासियों को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे और समाधान के लिए हर संभव प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य कर रहे हैं तथा आगे भी क्षेत्र की जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
