नोहर। शहर के श्रीराम वाटिका में चल रहे विकास कार्यों का शुक्रवार को पूर्व राज्य मंत्री मेहरूनिशा टाक ने निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व ठेकेदार से कार्यों की गुणवत्ता व व्यवस्थाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान ठेकेदार द्वारा वाटिका में स्थापित नई लाइट व्यवस्था को भी विधिवत रूप से शुरू किया गया। लाइटें चालू होने से अब श्रीराम वाटिका में शाम के समय भी पर्याप्त रोशनी उपलब्ध होगी, जिससे आमजन को आने-जाने और समय बिताने में सुविधा मिलेगी। पूर्व राज्य मंत्री मेहरूनिशा टाक ने निरीक्षण के दौरान कहा कि सार्वजनिक स्थलों का विकास शहर की सुंदरता और नागरिक सुविधाओं के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और तय समय में कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने उपस्थित लोगों से वाटिका के रखरखाव और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से भी बातचीत की तथा विकास कार्यों को लेकर उनके सुझाव सुने। कार्यक्रम के अवसर पर पार्षद छोटू लाल सेवग, बसंत तिवारी, गुलफाम, पूर्व पार्षद सुनील सिकन्दर टाक, भाजपा युवा नेता गौरव नागल, इंजीनियर हेड नीरज हिसारिया सहित अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने श्रीराम वाटिका में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और यह स्थान लोगों के लिए एक आकर्षक व उपयोगी स्थल बनेगा। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि वाटिका के विकास से शहर में हरियाली और मनोरंजन के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे, जिससे परिवारों और युवाओं के लिए यह स्थान और अधिक उपयोगी साबित होगा।
