-एनएसएस विशेष शिविर का शुभारंभ, स्वयंसेवकों को दी समाज सेवा की सीख
रावतसर। पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रावतसर में राष्ट्रीय सेवा योजना (+2 स्तर, इकाई प्रथम) के सात दिवसीय विशेष शिविर का शनिवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानाचार्य सत्यदेव राठौड़, उपप्रधानाचार्य पूनम, उपप्रधानाचार्य सुरेश कुमार, व्याख्याता अरविंद कुमार, वरिष्ठ अध्यापक अजय प्रताप सिंह तथा कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार बिश्नोई द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर सरस्वती वंदना एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य गीत का सामूहिक रूप से उच्चारण किया गया। कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार बिश्नोई ने सात दिवसीय विशेष शिविर की दैनिक कार्य योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि शिविर के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक और जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि शिविर के प्रथम दिन उद्घाटन एवं परिचय सत्र के साथ स्वयंसेवकों का आगमन और शिविर स्थल की सफाई कर श्रमदान किया गया।

द्वितीय दिन स्वच्छता अभियान के अंतर्गत स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगरपालिका क्षेत्र का दौरा कर सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण किया जाएगा। तृतीय दिन स्वास्थ्य जांच शिविर और नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। चतुर्थ दिन ग्रामीण बच्चों के लिए रचनात्मक गतिविधियां, साक्षरता अभियान और डिजिटल साक्षरता कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। पंचम दिन पर्यावरण संरक्षण के तहत वृक्षारोपण, जल संरक्षण गतिविधियां तथा महिला स्वास्थ्य और अधिकारों पर जागरूकता सत्र होंगे। छठे दिन नगरवासियों के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण तथा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम और सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। शिविर के सातवें दिन समापन समारोह के साथ शिविर की रिपोर्ट प्रस्तुत कर मूल्यांकन किया जाएगा।

संस्था प्रधान सत्यदेव राठौड़ ने शिविर के उद्देश्य और सहशैक्षणिक गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को समाज सेवा के लिए प्रेरित किया। उपप्रधानाचार्य रायसिंह और किरण निवाद ने इस वर्ष की एनएसएस थीम “मेरा युवा भारत एवं डिजिटल साक्षरता के लिए युवा” के उद्देश्य और उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। शिविर के दौरान योग और प्राणायाम के बाद विद्यालय परिसर में श्रमदान भी किया गया। इसके पश्चात उपप्रधानाचार्य सुरेश कुमार ने अपने अनुभव साझा किए। भोजनावकाश के बाद एनएसएस के स्वयंसेवक-स्वयंसेविकाओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिससे कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण बना रहा।
संवाददाता- नरेश
