
हनुमानगढ़। टाउन धानमंडी के व्यापारियों की संस्था फूडग्रेन मर्चंेट्स एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने गुरुवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम टाउन की धानमंडी स्थित फूडग्रेन मर्चंेट्स एसोसिएशन संस्था कार्यालय में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक गणेश राज बंसल मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि नगर परिषद के निवर्तमान सभापति सुमित रणवां थे। संस्था के पूर्व अध्यक्ष नरोत्तम सिंगला ने की। कार्यभार ग्रहण करने के बाद फूडग्रेन मर्चंेट्स एसोसिएशन संस्था के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रामलाल किरोड़ीवाल के साथ उपाध्यक्ष ईशान चौधरी, सचिव दलीप ढिल्लों, सहसचिव आशीष कुमार व कोषाध्यक्ष प्रवीण तलवाड़िया का अतिथियों व मंडी के व्यापारियों ने माल्यार्पण कर स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी। इस मौके पर विधायक गणेश राज बंसल ने कहा कि संस्था के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से आह्वान किया कि जब भी व्यापारियों से जुड़ी कोई समस्या सामने आए, तो उसका समाधान शांति और समझदारी से करें। सभी व्यापारियों को साथ लेकर संस्था को निरंतर प्रगति की दिशा में आगे बढ़ाएं।

उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि व्यापारियों को राज्य सरकार या किसी अन्य स्तर पर कोई भी समस्या आती है, तो वे हमेशा उसके समाधान के लिए तत्पर रहेंगे। कार्यभार ग्रहण करने के बाद फूडग्रेन मर्चंेट्स एसोसिएशन संस्था के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रामलाल किरोड़ीवाल ने मान-सम्मान देने के लिए व्यापारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि व्यापारियों की समस्या को उचित स्तर तक उठाकर उसके समाधान का प्रयास किया जाएगा। सभी व्यापारियों को साथ लेकर व्यापारी हित में कार्य किया जाएगा। सीजन में हर साल पैदा होने वाली बारदाने की समस्या को दूर करने की कोशिश रहेगी। मंडी में लाइट, पानी, सड़कों आदि की व्यवस्था करवाने की प्राथमिकता रहेगी। वहीं सचिव दलीप ढिल्लों ने बताया कि उनकी पहली प्राथमिकता मंडी में बनी व्यापारियों की तीन अलग-अलग संस्थाओं को एक करने की रहेगी। सभी को साथ लेकर कार्य किया जाएगा। व्यापारियों की समस्या को मिल-जुल कर दूर करवाने का प्रयास रहेगा। एफसीआई के सीजन में आने वाली समस्याओं को प्राथमिकता से दूर किया जाएगा। मंडी की समस्याओं के समाधान के लिए बजट के लिए विधायक से मुलाकात की जाएगी। मंडी में चौकीदारों की संख्या बढ़ाई जाएगी ताकि चोरियों पर अंकुश लगे।
