गोलूवाला। भारतीय किसान संघ तहसील गोलूवाला की मासिक बैठक किसान भवन में तहसील अध्यक्ष नरेंद्र छिम्पा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत भगवान बलराम, भारत माता तथा संघ के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। बैठक में उपस्थित किसानों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। किसानों ने बताया कि पिछले वर्ष गेहूं खरीद के दौरान उठाव की समस्या प्रमुख रूप से सामने आई थी, जिससे अनेक किसानों को परेशानी उठानी पड़ी। किसानों का कहना था कि गेहूं की तौल के बाद उसकी जिम्मेदारी किसान की नहीं रहनी चाहिए, लेकिन उठाव प्रक्रिया में भी किसानों को शामिल किया जाता है, जो उचित नहीं है। साथ ही तौल प्रक्रिया में भी कई प्रकार की दिक्कतें सामने आती हैं। बैठक में सीजन के दौरान बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई गई। किसानों ने कहा कि बाजार में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है और ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी के बावजूद व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। इस संबंध में पहले भी संबंधित पुलिस थाने को ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया है।

किसानों ने बाजार में दुकानदारों द्वारा सड़क की ओर 10 से 15 फीट तक किए गए अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाया। किसानों का कहना था कि इसी कारण बाजार में ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है। इस संबंध में नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी को भी ज्ञापन सौंपा गया है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि आगामी सात दिनों के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो किसान संघ आंदोलन करने को मजबूर होगा। इसके अलावा हांसलिया सड़क पर पड़े अवैध कचरे को शीघ्र हटाने की मांग भी उठाई गई। बैठक में ई-नाम लॉटरी से जुड़ी समस्याओं पर कृषि उपज मंडी समिति के सचिव के साथ चर्चा करते हुए किसानों को योजना का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए मंडी में विशेष शिविर लगाने का प्रस्ताव रखा गया। सचिव ने आश्वासन दिया कि किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक किसान तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में तहसील उपाध्यक्ष रजीराम सुथार, तहसील युवा प्रमुख विजयपाल गोदारा, तहसील प्रचार प्रमुख भूपतर, तहसील सदस्य लालचंद सिद्ध, विक्की निवाद, ग्राम इकाई अध्यक्ष महेंद्र सिद्ध, रिछपाल छीम्पा और कृष्ण निवाद सहित कई पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर कुम्भाराम छिम्पा, विजयपाल भाम्भू, सुशील गेदर, कृष्ण अरोड़ा, नरेंद्र स्वामी सहित अनेक किसान उपस्थित रहे।
