-राजस्थान दिवस पर ओडीओपी प्रदर्शनी, महिलाओं को उद्यमिता के लिए प्रेरणा
हनुमानगढ़। राजस्थान दिवस 2026 के अवसर पर जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, हनुमानगढ़ में ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ओडीओपी) प्रदर्शनी का सोमवार को जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव द्वारा विधिवत शुभारंभ किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य जिले के स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देना तथा उन्हें व्यापक बाजार उपलब्ध कराना है। उद्घाटन के दौरान आरएएमपी योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं ने अपने प्रशिक्षण और उद्यम से जुड़े अनुभव जिला कलेक्टर के साथ साझा किए। महिलाओं ने बताया कि प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त हुए हैं और वे अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत हैं। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने महिलाओं की सराहना करते हुए उन्हें मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत आवेदन कर अपने उद्यम को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित कर सकती हैं। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित यह ओडीओपी प्रदर्शनी 15 मार्च से 19 मार्च 2026 तक जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र परिसर में आयोजित की जा रही है।

प्रदर्शनी में जिले के विभिन्न स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है, जिनमें हस्तशिल्प, घरेलू उत्पाद तथा अन्य लघु उद्योगों से जुड़े उत्पाद शामिल हैं। इसका उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का मंच प्रदान करना है। प्रदर्शनी के दूसरे दिन सोमवार को ओडीओपी और स्थानीय इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ पेंशनर्स, वरिष्ठ नागरिकों तथा श्रीदेवी महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज की छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित लोगों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर स्थानीय उत्पादों के बारे में जानकारी प्राप्त की और उद्यमियों से संवाद किया। इस अवसर पर जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की महाप्रबंधक आकाशदीप सिद्धू ने पेंशनर्स, छात्राओं और आमजन को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने हेतु कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकते हैं। प्रदर्शनी के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने के साथ-साथ उद्यमियों को बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। आयोजकों ने आमजन से अपील की है कि वे प्रदर्शनी में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों का अवलोकन करें और उन्हें प्रोत्साहन दें।
