हनुमानगढ़। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला नोडल अधिकारी, गैस एजेंसियों एवं एजेंसी संचालकों से वार्ता के बाद यह स्पष्ट किया गया है कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति नियमित रूप से जारी है और वर्तमान में 15,518 सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ता अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से गैस सिलेंडर की बुकिंग करवाकर आसानी से सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। जिला रसद अधिकारी ने बताया कि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति आधार आधारित ओटीपी प्रणाली के माध्यम से नियमानुसार संबंधित उपभोक्ता को ही की जा रही है। गैस एजेंसियों में 25 दिनों के अंतराल के बाद पुनः सिलेंडर बुकिंग की व्यवस्था है और बुकिंग के अनुसार ही सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। तेल कंपनियों से प्राप्त सूचना के अनुसार जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आवश्यकता अनुसार बॉटलिंग प्लांट से लगातार गैस सिलेंडर प्राप्त हो रहे हैं। विभाग ने आमजन से अपील की है कि गैस सिलेंडर बुकिंग की निर्धारित समयावधि के कारण अनावश्यक रूप से परेशान न हों तथा घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का अनावश्यक भंडारण नहीं करें। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक संदेशों पर ध्यान न दें, क्योंकि जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। घरेलू एलपीजी गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या के लिए जिला रसद कार्यालय द्वारा स्थापित कंट्रोल रूम नंबर 01552-266290 पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायत राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181, आपातकालीन नंबर 112 तथा उपभोक्ता मामले विभाग की हेल्पलाइन 14435 पर भी दर्ज कराई जा सकती है। जिले में गैस सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और अवैध भंडारण, ऊंचे दामों पर बिक्री तथा अवैध रिफिलिंग पर रोक लगाने के लिए उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों, जिला रसद अधिकारी और पुलिस विभाग की सतर्कता टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें गैस एजेंसियों के गोदामों, होटल और रेस्टोरेंटों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं। घरेलू या व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण अथवा कालाबाजारी करते पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
