हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी की ओर से एकात्म मानववाद के प्रणेता एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि बुधवार को समर्पण दिवस के रूप में मनाई गई। इस मौके पर भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए और उनके आदर्शां को याद किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक, भाजपा नेता अमित सहू, जुगल किशोर गौड़, प्रदीप ऐरी, आशीष पारीक, प्रकाश तंवर सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन अत्यंत सादगीपूर्ण, अनुशासित और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित रहा।

उन्होंने भारतीय चिंतन पर आधारित एकात्म मानववाद का सिद्धांत दिया, जो व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के समग्र विकास की बात करता है। उनका अंत्योदय का विचार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और संसाधनों का लाभ पहुंचाने का संदेश देता है।

वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में उनके विचार और भी अधिक प्रासंगिक हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं को उनके पदचिह्नों पर चलते हुए सेवा, समर्पण और संगठन की भावना को मजबूत करना चाहिए। इस मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शां को आत्मसात करते हुए राष्ट्र और समाजहित में निरंतर कार्य करेंगे तथा अंत्योदय के लक्ष्य को साकार करने के लिए जनसेवा में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

