
हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर अरावली पर्वतमाला के संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे अरावली बचाओ अभियान के तहत ग्राम पंचायत 30 एसएसडब्ल्यू के चक 26 एसएसडब्ल्यू में पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संदीप सिंह सिद्धू ने किया, जबकि कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने विशेष रूप से शिरकत कर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। पदयात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने अरावली क्षेत्र में हो रहे कथित अवैध खनन, पर्यावरणीय क्षरण और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के खिलाफ आवाज बुलंद की। पदयात्रा गांव के प्रमुख मार्गांे से गुजरते हुए जनसंवाद के रूप में आगे बढ़ी। इसमें शामिल कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। इस मौके पर डीसीसी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि अरावली पर्वतमाला केवल पहाड़ों की श्रृंखला नहीं, बल्कि उत्तर भारत के पर्यावरण संतुलन की रीढ़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों के चलते अरावली क्षेत्र में खनन माफिया बेलगाम हो गए हैं, जिससे जलस्तर गिर रहा है और भविष्य में गंभीर पर्यावरणीय संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और गांव-गांव जाकर जनता को जागरूक करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दें। ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सिंह सिद्धू ने कहा कि अरावली बचाओ पदयात्रा का उद्देश्य सिर्फ विरोध दर्ज कराना नहीं, बल्कि आमजन को यह समझाना है कि पर्यावरण की रक्षा सीधे उनके जीवन, खेती और आने वाली पीढ़ियों से जुड़ी हुई है। अगर आज अरावली को नहीं बचाया गया, तो आने वाले समय में जल संकट और प्राकृतिक आपदाएं बढ़ेंगी। अरावली के संरक्षण और पर्यावरण बचाने का संकल्प लेते हुए पदयात्रा का समापन किया गया। इस मौके पर रामेश्वर चांवरिया, रणवीर, रेशम सिंह, रोहित स्वामी, यश चिलाना, शाहरुख, ठाकर राम गोदारा, राजू बराड़, गुरलाल मान, गुरप्रीत मान, पीयूष मोंगा, सुरेंद्र, बनवारी नायक, रामस्वरूप, रमेश नायक, चेतराम, भागाराम, भूराराम, दलीप खाती, मणीराम, सोनाराम गोदारा, बजरंग, साहबराम गोदारा, हंसराज नायक सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
