हनुमानगढ़। महाशिवरात्रि के मौके पर रविवार को एपेक्स क्लब एवं ठंडी छांव सेवा समिति के तत्वावधान में टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय के मुख्य द्वार के सामने भंडारे का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों एवं उनके परिजनों को भोजन उपलब्ध कराना रहा। भंडारे में खिचड़ी, खीर, ब्रेड, चावल एवं फलों का वितरण किया गया। यह आयोजन प्रोजेक्ट चेयरमैन अजय सुखीजा की प्रेरणा से किया गया, जिन्होंने समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। इस मौके पर एपेक्स क्लब के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप सहारण एवं सचिव इंद्र पाहवा ने कहा कि एपेक्स क्लब सदैव सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा कार्यांे में सक्रिय भूमिका निभाता आया है। महाशिवरात्रि के मौके पर मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए यह भंडारा आयोजित कर उन्हें कठिन समय में सहयोग देने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी क्लब की ओर से अस्पताल में मरीजों के लिए विभिन्न सहयोगात्मक कार्य किए जा चुके हैं। इससे पूर्व आंगनवाड़ी केन्द्रों पर भी क्लब की ओर से सहयोग प्रदान किया जा चुका है। साथ ही आगामी समय में क्लब की ओर से स्कूलों में जरूरतमंद बच्चों को पाठ्य सामग्री का वितरण किया जाएगा। इस सेवा कार्य में कोषाध्यक्ष दिनेश तलवाड़िया, अजय सुखीजा, राजेंद्र बैद, गौरीशंकर शर्मा, लैब टेक्नीशियन बिंद्र सिंह इत्यादि ने भागीदारी निभाई।
