
हनुमानगढ़। जिला जाट समाज समिति की बैठक मंगलवार को जाट भवन में जिलाध्यक्ष इन्द्रपाल रणवां की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में समाज के विकास, शिक्षा के विस्तार और सामुदायिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने को लेकर चर्चा की गई। विशेष रूप से जाट कन्या छात्रावास एवं जाट भवन में प्रस्तावित नवनिर्माण कार्यांे को लेकर सदस्यों से सुझाव और प्रस्ताव लिए गए। बैठक में जाट भवन में आवश्यक नवनिर्माण एवं विकास कार्यांे पर भी चर्चा की गई। सदस्यों ने भवन की सुविधाओं को और बेहतर बनाने एवं अन्य संरचनात्मक सुधारों को लेकर अपने-अपने सुझाव रखे। इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही एक कार्ययोजना तैयार कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। जिलाध्यक्ष इन्द्रपाल रणवां ने कहा कि समाज की बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देना हमारी प्राथमिकता है। जाट कन्या छात्रावास के निर्माण से दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवास उपलब्ध हो सकेगा। इससे वे उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज का नाम रोशन कर सकेंगी। बैठक में पहुंचे महाराजा सूरजमल जाट सेवा समिति पीलीबंगा के पदाधिकारियों का जिला जाट समाज समिति की ओर से स्वागत किया गया। इस मौके पर पीलीबंगा क्षेत्र में जाट भवन के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। महाराजा सूरजमल जाट सेवा समिति के पदाधिकारियों ने पीलीबंगा में जाट समाज के लिए भवन निर्माण की आवश्यकता पर जोर देते हुए विभिन्न संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए। बैठक में मौजूद सदस्यों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया और भविष्य में संयुक्त प्रयासों से इसे साकार करने पर सहमति जताई। इस मौके पर जाट भवन अध्यक्ष अनिल थोरी, प्रवीण गोदारा, वेद डोटासरा, संरक्षक घनश्याम भादू, जयप्रकाश गोदारा, त्रिलोक सहारण, पृथ्वी गोदारा, रघुवीर गोदारा, प्रेम महिया, कृष्ण चोटिया, अजय रेवाड़, महावीर रणवां, रवि चोटिया, अनिल चोटिया, देवदत्त भिड़ासरा, रामकुमार सहारण, ओम देग, कपिल सहारण, पीलीबंगा अध्यक्ष राजेन्द्र झोरड़, जगदीश सहारण, तनुज मांझु,बजरंग जांगू, राकेश भांभू मौजूद थे।
