हनुमानगढ़। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में जागृत हिंदू शक्ति के तत्वावधान में 22 जनवरी को कोहला में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में कोहला आश्रम के मठाधीश संत राजुनाथ कार्यक्रम संयोजक की भूमिका में रहेंगे। शुक्रवार को सम्मेलन के पोस्टर का विमोचन किया गया। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक राधेश्याम मौजूद रहे। इस मौके पर उन्होंने बताया कि संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर समाज की सज्जन शक्ति की ओर से देशभर में हिंदू सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। इनका उद्देश्य विश्व पटल पर हिंदू समाज को उसकी संगठनात्मक शक्ति से परिचित कराना है। कोहला मंडल संयोजक राजूनाथ ने समाज की सज्जन शक्ति से आह्वान किया कि प्रत्येक घर से चावल एवं दूध एकत्र कर भंडारे में समरसता रूपी खीर के प्रसाद का वितरण किया जाए, जिससे हिंदू समाज की एकता और शक्ति को नई ऊंचाई मिल सके। हनुमानगढ़ तहसील सह संयोजक विजय कुमार ने बताया कि तहसील क्षेत्र में कुल 10 हिंदू सम्मेलनों का आयोजन प्रस्तावित है। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में राधेश्याम टाक, हरजिन्द्र सिंह, अशोक, जयदीप, चंद्रभान, पवन, विकास भादू सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
