ऐलनाबाद। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शहीद भगत सिंह स्टेडियम में सिरसा खंड की खंड स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की उप निदेशक डा. दर्शना सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करता है, बल्कि मानसिक मजबूती और आत्मविश्वास को भी बढ़ावा देता है। महिला एवं बाल विकास विभाग महिलाओं एवं बालिकाओं के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर प्रयासरत है तथा इस प्रकार की गतिविधियां उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी खेल गतिविधियों से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से महिलाओं को अपने भीतर छिपी प्रतिभाओं को पहचानने और निखारने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजनों से महिलाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना का विकास होता है।

साथ ही उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी प्रतिभागियों को प्रदान की। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे विभाग की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। खेलकूद प्रतियोगिताओं में ये रहे विजेता100 मीटर दौड़ में प्रोमिला प्रथम, मीनू द्वितीय तथा सुनीता तृतीय स्थान पर रही। इसी प्रकार 300 मीटर में सपना प्रथम, डिंपल द्वितीय तथा रजनदीप तृतीय स्थान पर रही।
