नोहर। राज्य सरकार की पहल ग्राम उत्थान शिविर–2026 के अंतर्गत शुक्रवार को नोहर पंचायत समिति की गिरदावर सर्किल मेघाना में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग से संबंधित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी गई तथा मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया गया। शिविर के दौरान रायसिंहपुरा निवासी जसवंत द्वारा ग्राम पंचायत में अपने आवास का पट्टा बनवाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया। ग्राम पंचायत ने आवेदन प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई प्रारंभ की और शिविर के दौरान ही नियमानुसार पट्टा जारी कर दिया गया। वर्षों से दस्तावेज के अभाव में असमंजस में रह रहे परिवार को शिविर के माध्यम से वैधानिक दस्तावेज प्राप्त हुआ। लाभार्थी जसवंत ने बताया कि उनके पास अपने मकान से संबंधित कोई वैधानिक दस्तावेज नहीं था, जिसके कारण उन्हें कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ग्राम पंचायत में आवेदन करने के बाद ग्राम उत्थान शिविर के दौरान ही उनके मकान का पट्टा बनाकर सौंप दिया गया। पट्टा मिलने से अब उनके घर को कानूनी पहचान मिल गई है और परिवार स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने ग्राम पंचायत एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम उत्थान शिविर आम ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं, जहां एक ही स्थान पर त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।
