
हनुमानगढ़। एनएच-54 निर्माण के चलते गांव के बीच बने बस स्टैंड को गांव से बाहर स्थानांतरित करने का ग्राम पंचायत खोथांवाली के ग्रामीणों ने विरोध किया है। इस संबंध में बुधवार को ग्रामीणों ने जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव को ज्ञापन सौंपा। ग्राम पंचायत खोथांवाली के ग्रामीणों ने बताया कि उनकी ग्राम पंचायत में एनएच-54 निर्माणाधीन है। इसलिए गांव का बस स्टैंड गांव से बाहर बनाया जा रहा है। इससे ग्रामीणों व पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को शिक्षण संस्थान आने-जाने के लिए गांव से बाहर जाना पड़ेगा। इस कारण विशेषकर पढ़ाई करने वाले बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में चल रहे बस स्टैंड पर बस स्टैंड बनाने के लिए पर्याप्त जगह है। इसलिए बस स्टैंड गांव के बीच में पूर्व वर्षांे से प्रचलित जगह पर ही बनाया जाए ताकि ग्रामीणों व छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा ग्रामीणों ने बताया कि एनएच-54 निर्माणाधीन होने के कारण जगह-जगह मिट्टी के ढेर लगा दिए गए हैं। कहीं पर निर्माण के संबंध में कोई सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया। इससे हादसे का अंदेशा बना हुआ है। गांव में एनएच-54 के बीच बनाया जा रहा डिवाइडर भी सही नहीं बनाया जा रहा। ग्रामीणों ने इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित को निर्देशित करने की मांग की। इस मौके पर नाजम सिंह, हरदीप सिंह, जोतराम, रेशम सिंह, दयाराम, कमलेश, विनोद, भीमसेन, कालूराम, रामलाल, गुरविन्द्र सिंह, रामसिंह, जगवीर सिंह, प्रेम कुमार सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
