हनुमानगढ़। जंक्शन की नई धानमंडी स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा की ओर से भारतीय रिजर्व बैंक जयपुर के सहयोग से आमजन की सुविधा के लिए लघु मूल्य वर्ग के नोट एवं सिक्का वितरण शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का उद्देश्य दैनिक लेन-देन को सुगम बनाने हेतु छोटे मूल्य वर्ग की मुद्रा की उपलब्धता सुनिश्चित करना था। शिविर में विशेष रूप से दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी संचालकों, लघु व्यापारियों तथा आम नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न मूल्य वर्ग के नोट एवं सिक्के सरल एवं सुव्यवस्थित प्रक्रिया के माध्यम से उपलब्ध कराए गए।

बैंक अधिकारियों की ओर से समुचित भीड़ प्रबंधन एवं त्वरित सेवा की व्यवस्था की गई, जिससे आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। इस मौके पर शाखा के मुख्य प्रबंधक लखविंद्र सिंह सग्गु ने बताया कि इस प्रकार के शिविर जनसुविधा बढ़ाने तथा वित्तीय समावेशन को सशक्त करने की दिशा में बैंक के निरंतर प्रयासों का हिस्सा हैं।


उन्होंने कहा कि आरबीआई जयपुर के सहयोग से आयोजित यह पहल क्षेत्र में स्वच्छ एवं छोटे मूल्य वर्ग की मुद्रा के सुचारु प्रचलन के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। शिविर के संचालन में उप प्रबंधक राजेंद्र कुमार, कृष्ण कुमार एवं सहायक राहुल मीणा का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के आयोजन में क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय, हनुमानगढ़ का मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ।

शाखा नियंत्रक एवं क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय, हनुमानगढ़ के सहायक महाप्रबंधक सुनील कुमार तथा मुख्य प्रबंधक मोहन लाल गुरनानी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे आमजन हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। एसबीआई ने समुदाय की बैंकिंग आवश्यकताओं की पूर्ति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की जनहितकारी पहल जारी रखने का आश्वासन दिया।
