
हनुमानगढ़। जंक्शन शहर के मुख्य बाजार में खड़ी थार गाड़ी रात्रि को चोरी हो गई। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो व्यक्ति गाड़ी चोरी कर ले जाते नजर आए। पुलिस फुटेज के आधार पर दोनों चोरों की तलाश में जुटी है। इस संबंध में जंक्शन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस के अनुसार अजय कुमार (25) पुत्र प्रेमराज जाट निवासी 18 एसपीडी पीएस पीलीबंगा ने लिखित रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि वह 28 दिसम्बर की रात्रि करीब 8 बजे अपने जानकार मुकेश छिम्पा पुत्र रणवीर सिंह निवासी धोलीपाल की थार गाड़ी नम्बर एचआर 87 एल 3536 जो कि मोहम्मद रमजान निवासी चक 10 एलएलडब्ल्यू रोड़ांवाली के नाम से रजिस्टर्ड है, लेकर जंक्शन बाजार में किसी काम से पहुंचा। रात्रि का समय होने पर उसने गाड़ी संगरिया रोड के पीछे स्थित राजस्थान इलेक्ट्रॉनिक गोदाम के नजदीक साइड में खड़ी कर दी एवं रात्रि को जंक्शन में ही होटल में रुक गया। इसके बाद रात्रि को कोई अज्ञात व्यक्ति थार गाड़ी चोरी कर ले गया। उसने अगले दिन 29 दिसम्बर की सुबह गाड़ी संभाली तो देखा कि गाड़ी गायब थी। चोरी हुई गाड़ी एवं चोरी करने वालों की तलाश एवं पूछताछ की। पास में राजस्थान इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम के आगे लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो उसमें 29 दिसम्बर की अल सुबह करीब 4.55 बजे दो अज्ञात व्यक्ति गाड़ी चोरी कर ले जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद अल सुबह करीब 5.10 बजे टाउन स्थित एसआरएम स्कूल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में गाड़ी टिब्बी की तरफ ले जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश एएसआई कालूराम के सुपुर्द की।
