हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर की ओर से दिए गए निर्देशों की अनुपालना में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया की ओर से शनिवार को नेहरू मेमोरियल लॉ कॉलेज के समन्वय से एडीआर भवन में विधिक चेतना पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सचिव गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया ने नेहरू मेमोरियल लॉ कॉलेज के छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय लोक अदालत, मध्यस्थता व नि:शुल्क विधिक सहायता, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यांे, स्थाई लोक अदालत के अंतर्गत आने वाली जनोपयोगी सेवाओं, न्याय आपके द्वार अभियान एवं मामलों की राजीनामा प्रक्रिया आदि के बारे में बताया। डिप्टी एलएडीसी अधिवक्ता हरीश जोशी ने छात्र-छात्राओं को नालसा व रालसा की योजनाओं, बाल विवाह रोकथाम, नई चेतना 4.0 अभियान, नि:शुल्क विधिक सहायता हैल्पलाइन 15100 का आमजन में प्रचार-प्रसार करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यशाला के आयोजन के बाद एलएडीसी अधिवक्ताओं की टीम की ओर से छात्र-छात्राओं को जिला न्यायालय का भ्रमण करवाया गया। इस मौके पर एलएडीसी अधिवक्ता, नेहरू मेमोरियल लॉ कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. बृजेश अग्रवाल, डॉ. केबी ओझा एवं अन्य अध्यापक मौजूद रहे।
