हनुमानगढ़। आम आदमी पार्टी की ओर से राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की विभिन्न डिपो बसों के संचालन को लेकर प्रबंध निदेशक के नाम यातायात प्रबंधक कर्मजीत सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में जनहित से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए उनके समाधान की मांग की गई। आप जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल ने कहा कि वर्तमान में रोडवेज की अधिकांश बसों का संचालन जंक्शन बस स्टैंड से किया जा रहा है, जबकि टाउन क्षेत्र शहर का मुख्य व्यावसायिक, शैक्षणिक और आवासीय केन्द्र है। टाउन बस स्टैंड से बसों का संचालन न होने के कारण आम यात्रियों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों, महिलाओं, विद्यार्थियों, बुजुर्गांे और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बेनीवाल के अनुसार वर्तमान व्यवस्था के चलते ग्रामीण अंचलों से आने वाले यात्रियों को शहर के अंतिम छोर स्थित जंक्शन बस स्टैंड तक जाना पड़ता है, जिससे समय, धन और संसाधनों की अनावश्यक बर्बादी होती है। कई बार यात्रियों को एक बस से उतरकर दूसरी सवारी का सहारा लेना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। पार्टी ने मांग की कि हनुमानगढ़ डिपो की वे सभी बसें, जो अनूपगढ़, श्रीकरणपुर, श्रीगंगानगर, रायसिंहनगर, सूरतगढ़, नोहर, भादरा, पीलीबंगा सहित विभिन्न रूटों पर संचालित होती हैं, उनका संचालन टाउन बस स्टैंड से सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही अनूपगढ़ डिपो की बसें जो श्रीगंगानगर, सूरतगढ़, दिल्ली तथा अन्य महत्वपूर्ण मार्गांे पर जाती हैं, उन्हें भी टाउन बस स्टैंड से जोड़ा जाए। आम आदमी पार्टी ने यह तर्क भी दिया कि टाउन बस स्टैंड पर पर्याप्त स्थान, यात्री सुविधाएं, बाजार, अस्पताल और अन्य आवश्यक सेवाएं नजदीक उपलब्ध हैं। ऐसे में यदि सभी प्रमुख रूटों की बसों का संचालन टाउन बस स्टैंड से किया जाए तो यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सुचारू परिवहन व्यवस्था मिल सकेगी। इससे रोडवेज की आय में भी वृद्धि होने की संभावना है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कई बसें रात्रि विश्राम के लिए हनुमानगढ़ डिपो में आती हैं, लेकिन उनका अंतिम ठहराव जंक्शन क्षेत्र में होने से टाउन क्षेत्र के यात्रियों को असुविधा होती है। पार्टी ने मांग की कि ऐसी बसों का ठहराव और संचालन टाउन बस स्टैंड तक किया जाए, जिससे पूरे शहर की जनता को समान लाभ मिल सके। इस मौके पर राजवीर माली, लीलाधर भाट, गुलशन सोनी, जयपाल स्वामी, राजकुमार गर्ग, दयानंद झा, सूरज चौधरी, गोपाल मेघवाल, सतपाल भाट, विजय वर्मा, अशोक कुमार मौजूद रहे।
