हनुमानगढ़। डोडा पोस्त छिलका की तस्करी करते दो युवक टाउन थाना पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इनके कब्जे से 15 किलोग्राम से अधिक पोस्त बरामद हुआ। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान में जुटी है। पुलिस के अनुसार टाउन थाना के एसआई मोहर सिंह के नेतृत्व में टीम सुबह के समय गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान टीम लखूवाली से पीलीबंगा रोड पर सेमनाला पुलिया के पास पहुंची तो सेमनाला के पटड़े पर दो व्यक्ति बैग लिए खड़े दिखाई दिए। दोनों व्यक्ति पुलिस का वाहन देखकर घबरा गए और वहां से जाने लगे। शक होने पर टीम ने दोनों को रुकवाकर पूछताछ की तो उनकी पहचान हरफूल सिंह उर्फ फुला (38) पुत्र गुरदेव सिंह निवासी वार्ड दस, चक दो पीएम दूसरा (बी), पोस्ट ऑफिस 9 पीएसडी रावला मण्डी तहसील घड़साना पीएस रावला जिला श्रीगंगानगर हाल वार्ड चार, गांव हांसलिया पीएस गोलूवाला व मनजीत सिंह उर्फ मीत (34) पुत्र कालू सिंह निवासी वार्ड चार, गांव हांसलिया पीएस गोलूवाला के रूप में हुई। टीम ने हरफूल सिंह उर्फ फुला के पास मौजूद बैग की तलाशी ली तो उसमें दस किलोग्राम डोडा पोस्त छिलका जबकि मनजीत सिंह के पास मौजूद बैग में 5 किलो 400 ग्राम डोडा पोस्त छिलका भरा हुआ था। टीम ने कुल 15 किलो 400 ग्राम डोडा पोस्त छिलका बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे की जांच एसआई ज्योति कर रही हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसआई मोहर सिंह, एएसआई भूपसिंह, कांस्टेबल सेठूराम, भीमसैन, रामनारायण व लखविन्द्र सिंह शामिल रहे।
