
– टाउन धानमंडी में पहुंची रथ यात्रा, सरकार की योजनाओं का किया बखान
हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी की भजनलाल सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के लिए निकाली जा रही रथ यात्रा सोमवार को टाउन की अनाज मंडी में पहुंची। यहां आयोजित कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों ने भाजपा सरकार की योजनाओं की जानकारी नागरिकों को दी। अभियान के विधानसभा क्षेत्र प्रभारी आशीष पारीक ने कहा कि जब योजना लागू होती है तभी लोगों तक उसका लाभ पहुंच पाता है। भाजपा सरकार का प्रयास है कि अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचे। उन्होंने बताया कि भजनलाल सरकार में पिछले दो सालों में प्रदेश में करीब 40 हजार किलोमीटर में सड़कों का निर्माण हुआ। इसी तरह साढ़े तीन लाख युवाओं को बिना किसी परेशानी के रोजगार मिला है। नरेगा में कार्य 100 दिन से बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। लाडो योजना के तहत सरकार एक लाख रुपए की सुविधा उपलब्ध करवाती है। पूरे भारत में कहीं भी आयुष्मान कार्ड योजना में पांच लाख रुपए तक के निशुल्क इलाज की सुविधा सरकार की ओर से उपलब्ध करवाई जा रही है। सरकार अब तक 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर चुकी है। ऐसी कई योजनाएं हैं। इनके जरिए सरकार यह चाहती है कि जब भारत विकसित हो रहा है तो राजस्थान विकसित राज्य की श्रेणी में आकर अलग पहचान के रूप में स्थापित करे। उन्होंने बताया कि आगामी समय में सामने आने वाली समस्याओं को ऊपर तक ले जाकर उनका समाधान करवाने का प्रयास रहेगा। मनरेगा का नाम बदलने का कांग्रेस की ओर से विरोध करने के सवाल पर पारीक ने कहा कि विपक्ष का कार्य विरोध करना है। जब कांग्रेस खुद सत्ता में होती है तो जनता के बीच नहीं रहती। नई योजनाएं नहीं लाई जाती। दिखावे के लिए कहीं न कहीं निकालकर बाधा उत्पन्न करने का काम विपक्ष की ओर से किया जा रहा है। लेकिन जनता सब समझती है। जनता में सरकार के प्रति अपार उत्साह है। कार्यक्रम में नगर मण्डल अध्यक्ष नितिन बंसल, महामंत्री अशोक खिच्ची, महादेव भार्गव, जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी, झमन पाइवाल, मण्डल उपाध्यक्ष संदीप छाबड़ा, रमेश डाबला, सतपाल मौर्य, दलीप बेनीवाल, हरि खदरिया, विनोद कायथ, बृजलाल निनानिया मौजूद रहे।
