हनुमानगढ़। गांव जोरावरपुरा में बना हुआ प्राचीन कुआं खुला होने से हर समय हादसे का भय रहता है। गत दिनों इस कुएं में एक निराश्रित गाय गिर गई थी। ओम बन्ना टाइगर फोर्स व गो रक्षा दल के सदस्यों ने इसकी तरफ ग्राम पंचायत का ध्यान आकर्षित करवाते हुए इसे भरवाने की मांग की है। ओम बन्ना टाइगर फोर्स के पूर्व जिलाध्यक्ष रविन्द्र सिसोदिया के अनुसार पिछले दिनों गांव जोरावरपुरा में बने कुएं में एक गाय गिर गई लेकिन उसे दस दिन तक बाहर निकालने का प्रयास नहीं किया गया। सिसोदिया के अनुसार जब इस संबंध में ग्राम पंचायत प्रशासक से बात की गई तो उन्होंने बैठक कर आगामी कार्रवाई करने के लिए कहा। लेकिन उन्होंने शीघ्र कार्रवाई की मांग की ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो। जिला संगठन मंत्री पवन बरोड़ ने कहा कि कुएं में जल्द से जल्द मिट्टी डालकर उसे बंद किया जाए। टीआरबी ग्रुप अध्यक्ष आशु खान ने भी टीम के साथ इसका समर्थन किया। इस मौके पर अक्षय पंडित, कुलदीप गोस्वामी, राजेश गोस्वामी, मानी सुथार, अशोक स्वामी, राकेश कुमार, सारुल खान, विजय नायक, मुस्तफा खान, सुनील बारूपाल, सीताराम, जसराम आदि मौजूद रहे।

