हनुमानगढ़। टाउन स्थित फाटक गोशाला परिसर में गुरुवार को मकर संक्रांति का पर्व श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ मनाया गया। इस मौके पर प्रात:काल में विधिवत हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आहुतियां अर्पित कीं और गोमाता के कल्याण की कामना की। मकर संक्रांति के मौके पर कमलेश गुप्ता धर्मपत्नी देवकीनंदन गुप्ता ने अपने दिवंगत पति की स्मृति में गो दान का संकल्प पूर्ण किया। वैदिक विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ गो दान सम्पन्न कराया गया। इस मौके पर गुप्ता परिवार के सदस्य अमित एवं पूनम गुप्ता, गौरव एवं रंजू गुप्ता सहित अक्षित, गर्वित, ध्रुव एवं दिव्याशी मौजूद रहे। इसके पश्चात मदन गोपाल अग्रवाल निवासी सूरत, गुजरात ने अपनी धर्मपत्नी निर्मला देवी अग्रवाल की स्मृति में गोशाला परिसर में भण्डारा लगाया। भण्डारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण किया। फाटक गोशाला समिति के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कि गोशाला में दुर्घटनाग्रस्त, बीमार एवं असहाय गोवंश की सेवा की जाती है। समाज के सहयोग से गोवंश के उपचार, देखभाल एवं संरक्षण का दायित्व निभाया जा रहा है। हनुमानगढ़ से लगभग 40 किलोमीटर की परिधि में यदि कहीं भी गोवंश दुर्घटनाग्रस्त या गंभीर रूप से बीमार अवस्था में पाया जाता है, तो उसे तुरंत फाटक गोशाला लाकर उपचार उपलब्ध कराया जाता है। माघ मास के दौरान प्रतिदिन गोशाला परिसर में हवन यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।
