हनुमानगढ़। सदर थाना पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को 10 ग्राम से अधिक मादक पदार्थ हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई को अबोहर मार्ग स्थित गांव धोलीपाल के पास अंजाम दिया गया। पुलिस के अनुसार सदर थाना के एसआई हरबंश लाल के नेतृत्व में गठित टीम मंगलवार रात्रि को गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान टीम ने रोही धोलीवाल में एमएमके नहर की पुलिया पर एक बाइक को रुकवाया तो उस पर दो युवक सवार थे। पूछताछ में बाइक सवारों की पहचान अजय (28) पुत्र अशोक सिंह राजपूत निवासी चक झुरियांवाला पीएस पीलीबंगा हाल किराएदार प्रोफेसर कॉलोनी, हनुमानगढ़ टाउन व विजय (31) पुत्र ओमप्रकाश मेघवाल निवासी वार्ड एक, सम्पतनगर पीएस हनुमानगढ़ जंक्शन के रूप में हुई। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से 19.29 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) मिला। टीम ने चिट्टा बरामद कर दोनों युवकों को गिरफ्तार किया। बाइक जब्त कर दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया। अनुसंधान थाना प्रभारी राकेश सांखला कर रहे हैं। इस कार्रवाई में कांस्टेबल महमूद अली व महेन्द्र कुमार की अहम भूमिका रही।
