सर्वाेच्च न्यायालय ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति (एमसीपीसी, सुप्रीम कोर्ट) राज्य विधिक सेवाप्राधिकरण, राजस्थान उच्च न्यायालय के निर्देशन में जिला न्यायालयों एवं तालुका न्यायालयों में लंबित एवं, राज्य स्तरीय न्यायाधिकरणों और आयोगों के साथ-साथ अन्य अर्ध-न्यायिक मंचों में लंबित मामलों के लिए 90 दिनों का व्यापक मध्यस्थता अभियान ‘मीडियेशन फॉर द नेशन 2.0‘ अभियान का प्रारम्भ किया गया है जिसके सफल संचालन हेतु जिला एवं सेशन न्यायाधीश तनवीर चौधरी की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव गजेंद्र सिंह तेनगुरिया अतिरिक्त जिला एवं सेशन न्यायाधीश ने बताया ‘मेडियेशन फॉर द नेशन 1.0‘ के दौरान सम्पूर्ण जिले में न्यायालयों में लम्बित राजीनामें योग्य प्रकरणों, पारिवारिक न्यायालयों में लम्बित व उपभोक्तामंच से संबंधित प्रकरणों को मिलाकर करीब 500 मामले हनुमानगढ़ न्यायक्षेत्र में 31 मध्यस्थगण जिनमें न्यायिक अधिकारीगण व अधिवक्तागण द्वारा मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाये गये थे। जिनके कारण पक्षकारों को त्वरित न्याय मिला। जिला एवं सेशन न्यायाधीश महोदय के निर्देशन में इस ‘मीडियेशन फॉर द नेशन 2.0‘ में और अच्छा प्रदर्शन किया जाना है। बैठक में जिला मुख्यालय के न्यायिक अधिकारीगण व्यक्तिशः व तालुका पर स्थित न्यायिक अधिकारीगण वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल रहे। उक्त बैठक में विशिष्ट न्यायाधीश पोक्सो प्रकरण दीपक कुमार, विशिष्ट न्यायाधीश एनडीपीएस प्रकरण पृथ्वीपाल सिंह, न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालयअशोक कुमार टाक, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया, विशिष्ट न्यायाधीश एससी/एसटी प्रकरण डॉ. सरिता स्वामी, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सं. 02 लतिका पाराशर, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश बाकोलिया, प्रधान मजिस्ट्रेट राकेश कुमार, न्यायाधिकारी ग्राम न्यायालय अविनाश चांगल, न्यायिक मजिस्ट्रेट मीनाक्षी अग्रवाल एवं अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट सीमा गोयल व्यक्तिशः उपस्थित रहे। तनवीर चौधरी जिला एवं सेशन न्यायाधीश द्वारा मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति द्वारा संचालित ‘मीडियेशन फॉर द नेशन 2.0‘ अभियान में प्रकरणों को चिन्हित करने, चिन्हित प्रकरणों की सूचीबद्ध करने, सूचीबद्ध प्रकरणों के पक्षकारान को मध्यस्थता हेतु प्रेरित करने एवं उन्हें मध्यस्थता केन्द्र में निर्धारित समय पर उपस्थिति दर्ज करवाने के निर्देश के साथ-साथ मध्यस्थता हेतु प्रकरणों को शीघ्रताशीघ्र मध्यस्थता केन्द्र में प्रेषित करने के निर्देश दिये गये। बैठक में श्री गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मिडियेशन फॉर द नेशन अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

