हनुमानगढ़। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से गुरुवार को सिरोही जिले में आयोजित मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर के लाभार्थी किसानों को मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की एक-एक हजार रुपए की पांचवीं किश्त जारी की गई। इस योजना से हनुमानगढ़ जिले के करीब दो लाख किसान लाभान्वित हो रहे हैं, जिनके खातों में भी एक-एक हजार रुपए की राशि जारी की जाएगी। हनुमानगढ़ जिले का जिला स्तरीय कार्यक्रम जंक्शन में आयोजित किया गया, जहां प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। इस मौके पर लाभार्थी किसानों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कृषि व सहकारिता विभाग के अधिकारी, किसान एवं पशुपालक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। विभागीय अधिकारियों ने किसानों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में हनुमानगढ़ केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रबंधक (प्रशासन) शैलेन्द्र गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की तर्ज पर राज्य सरकार की ओर से मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना शुरू की गई है। इसका उद्देश्य किसानों की छोटी-छोटी आवश्यकताओं जैसे बीज, खाद एवं कीटनाशक दवाओं की पूर्ति के लिए उन्हें आर्थिक सहयोग प्रदान करना है, जिससे किसानों का मान-सम्मान और आत्मनिर्भरता बढ़ी है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों के हित में अन्य योजनाएं भी संचालित कर रही है।

ग्राम सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से कस्टम हायरिंग सेंटर उपलब्ध कराए गए हैं, जहां किसानों को रियायती दरों पर कृषि यंत्र किराए पर मिलेंगे। दस लाख रुपए की इस योजना में आठ लाख रुपए तक का अनुदान राज्य सरकार की ओर से दिया जाएगा, जबकि शेष राशि संबंधित ग्राम सेवा सहकारी समिति की ओर से वहन की जाएगी। डिप्टी रजिस्ट्रार कॉपरेटिव अमीलाल सहारण ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपए दिए जाते हैं, जबकि मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में किसानों को प्रतिवर्ष तीन हजार रुपए की सहायता दी जाती है। हनुमानगढ़ जिले में कुल 1 लाख 91 हजार 375 किसान इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं, जिन्हें करीब 19.14 करोड़ रुपए की राशि वितरित की जाएगी। जिला स्तरीय कार्यक्रम में भाजपा नेता अमित सहू, एडीएम उम्मेदीलाल मीना, एसडीएम मांगीलाल सुथार, आशीष पारीक सहित अन्य अधिकारी-जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
