हनुमानगढ़। जिले में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार रात्रि को मौसम ने अचानक करवट ले ली। देर रात तेज गर्जना के साथ तेज हवाएं चलीं और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला शुरू हुआ, जो रात्रि भर जारी रहा। बारिश के चलते वातावरण में नमी बढ़ गई और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को भी दिनभर बादल छाए रहे तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने से मौसम में ठंडक बनी रही। शुक्रवार सुबह जिले में कोहरे का कोई खास असर देखने को नहीं मिला, लेकिन धूप और बादलों की आंख-मिचौली के बीच चल रही सर्द हवाओं ने आमजन को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। मौसम में अचानक आए इस बदलाव से लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लिया, वहीं खुले स्थानों पर आवाजाही करने वालों को खासा परेशान होना पड़ा। मावठ के रूप में हुई इस बारिश को किसानों के लिए बेहद लाभकारी माना जा रहा है। जिले में इस समय रबी फसलों की बढ़वार का महत्वपूर्ण दौर चल रहा है और फसलों को सिंचाई के लिए पानी की आवश्यकता बनी हुई है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यह हल्की बारिश गेहूं, चना, सरसों सहित अन्य रबी फसलों के लिए अमृत समान है, जिससे उत्पादन में बढ़ोतरी की संभावना है और किसानों को सिंचाई पर होने वाले खर्च से भी राहत मिलेगी।
