हनुमानगढ़। राजस्थान देवस्थान विभाग की ओर से संचालित वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत हनुमानगढ़ से द्वारका-नागेश्वर-सोमनाथ के लिए विशेष वातानुकूलित रेलगाड़ी मंगलवार जंक्शन रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। इस मौके पर वागभट्ट वैलनेस आयुष हॉस्पिटल की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवा की एक सराहनीय पहल की गई। रेल यात्रा पर रवाना हो रहे वरिष्ठ नागरिकों एवं अतिथियों को आयुर्वेदिक औषधीय काढ़ा, औषधीय जल, शुद्ध ऑर्गेनिक शहद प्रदान किया गया। साथ ही कौशिक फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से शुद्ध देसी गाय के गोबर से निर्मित गणेश जी की प्रतिमा भेंट की गई। इस मौके पर राज्य मंत्री प्रहलाद राय टाक (अध्यक्ष, श्रीयादे माटी कला बोर्ड), देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त ओमप्रकाश, युवा भाजपा नेता अमित सहू, विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के प्रांत सह संयोजक आशीष पारीक, समाजसेवी विजय कौशिक, शिव शर्मा, मुकेश महर्षि सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना को राज्य सरकार की अत्यंत सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि यह योजना वरिष्ठजनों की धार्मिक आस्था के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य और सुविधा का भी विशेष ध्यान रखती है। राज्य मंत्री प्रहलाद राय टाक ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी सेवा करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। आयुष चिकित्सा पद्धति को जन-जन तक पहुंचाने में वागभट्ट वैलनेस आयुष हॉस्पिटल की भूमिका प्रशंसनीय है। कार्यक्रम में समन्वयक अनिल जांदू, अनुभव सैनी, गुरुदास, निखिल सैनी, विकास बिश्नोई, आकाश, प्रमोद सहित वागभट्ट वैलनेस आयुष हॉस्पिटल की टीम ने सक्रिय रूप से सेवाएं दीं। इस मौके पर देवस्थान विभाग की श्वेता चौधरी, अजय धूड़िया, करणी सिंह, लालचंद छिम्पा, खुशाल भारद्वाज, योगेश शर्मा सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। मंच संचालन भीष्म कौशिक ने किया।
