ऐलनाबाद। एसपी दीपक सहारण के निर्देशानुसार सिरसा पुलिस ने सफाई अभियान चलाकर पर्यावरण को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने के लिए समाज में अपनी जिम्मेदारियों के साथ-साथ सामाजिक दायित्व का निर्वहन कर स्वच्छता का संदेश दिया । इसी क्रम में पुलिस लाइन परिसर, पुलिस कार्यालयों, विभिन्न थाना चौकियों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में श्रमदान के माध्यम से विशेष सफाई अभियान चलाया गया । इस अभियान का उद्देश्य न केवल परिसरों की स्वच्छता सुनिश्चित करना था, बल्कि समाज को पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश देना भी था । सफाई अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा थाना परिसरों में उगी अनावश्यक घास व झाड़ियों को काटा गया तथा लंबे समय से पड़े पुराने कचरे को हटाया गया। इसके साथ-साथ कार्यस्थलों की व्यवस्थित ढंग से साफ-सफाई की गई । इस सामूहिक प्रयास से पुलिस परिसरों की सुंदरता में वृद्धि हुई है और कर्मचारियों के बीच सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने पुलिसकर्मियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता से न केवल पर्यावरण शुद्ध होता है, बल्कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ परिसर एक सकारात्मक माहौल का निर्माण करता है,जिससे कार्यक्षमता एवं कार्यकुशलता में भी वृद्धि होती है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “श्रमदान महादान है” और प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में स्वच्छता को प्राथमिकता देनी चाहिए, क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। उन्होंने बताया कि नियमित साफ-सफाई से कार्यस्थल बेहतर बनता है और यह अनुशासन एवं जिम्मेदारी का प्रतीक भी है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज को यह संदेश देना है कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। पुलिस अधीक्षक ने जिला के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे जहां भी रहते या कार्य करते हैं, वहां के वातावरण को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखना सुनिश्चित करें। साथ ही आमजन से अपील की कि पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाएं और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। एसपी दीपक सहारण ने कहा कि वातावरण को स्वच्छ बनाएं रखना हम सब की नैतिक जिम्मेदारी है,इसलिए हम सब को अपनी नैतिक जिम्मेदारी को बखूबी निर्वहन करना चाहिए । उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि स्वच्छता को लेकर सिरसा पुलिस की यह पहल समाज के अन्य वर्गों को भी प्रेरित करेगी। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की है।
