हनुमानगढ़। जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के इंजीनियर सुपरवाइजर राजेश कुमार को बंधक बनाकर मारपीट करने, उपकरण व मोबाइल फोन छीनने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से विद्युत कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। सोमवार को विद्युत संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले विद्युत कर्मचारियों ने अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।


समिति पदाधिकारियों ने बताया कि 24 जनवरी को बकाया वसूली के दौरान अज्ञात लोगों ने इंजीनियर सुपरवाइजर राजेश कुमार को बंधक बनाकर उनके साथ बुरी तरह से मारपीट की तथा जान से मारने का प्रयास भी किया। इस संबंध में उसी दिन जंक्शन पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया था, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

कर्मचारियों का कहना है कि डिस्कॉम अधिकारियों की ओर से बार-बार कार्रवाई का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई परिणाम नजर नहीं आ रहा। इससे विद्युत कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे कार्य बहिष्कार करने को मजबूर होंगे। इस मौके पर नवीन दहिया, राजेन्द्र कुमार, अक्षय वर्मा, किशन सिंह सहित कई विद्युत कर्मचारी मौजूद रहे।
