हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ हनुमानगढ़ टाउन के तत्वावधान में शुक्रवार को टाउन के पंजाबी मोहल्ला स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।

प्रार्थना सभा के दौरान प्रात: स्मरामि, सरस्वती वंदना, गुरु वंदना, रामधुन, नामधुन, हिंदू, सिख एवं मुस्लिम धर्म की प्रार्थनाएं, मौन प्रार्थना, हम होंगे कामयाब का सामूहिक गान, हर देश में तूं गीत तथा शांति पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रपिता को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया। इस मौके पर स्थानीय संघ के उपप्रधान राजेन्द्र बंसल, ट्रेनिंग काउंसलर भूपेन्द्र कौशिक, विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण नागपाल, स्काउट मास्टर हरप्रीत सिंह, गाइड कैप्टन रतना देवी सहित स्काउट-गाइड मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रेनिंग काउंसलर भूपेन्द्र कौशिक ने कहा कि महात्मा गांधी ने देश में फैली गरीबी को देखकर अपने जीवन को सादगी का प्रतीक बना लिया। उन्होंने बताया कि गांधीजी पहले वकील थे और कोट-पैंट पहनते थे, लेकिन देश भ्रमण के दौरान जब उन्होंने देखा कि अनेक लोगों के पास तन ढकने के लिए भी वस्त्र नहीं हैं, तो उन्होंने स्वयं भी न्यूनतम वस्त्रों में जीवन बिताने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि गांधीजी का जीवन हमें सादगीपूर्ण जीवन जीने, अनावश्यक खर्चां से बचने तथा सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए समाज और राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देता है।

