हनुमानगढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कांग्रेसजनों ने 30 जनवरी को शहीदी दिवस के रूप में मनाते हुए महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत में डीसीसी अध्यक्ष मनीष मक्कासर एवं पूर्व अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी सहित अन्य कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बापू के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया।

इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जीवन साहस, सच्चाई और नि:स्वार्थ सेवा की प्रेरणादायी मिसाल है। उन्होंने देश को प्रेम, सर्वधर्म समभाव और सत्य के मार्ग पर चलना सिखाया। बापू ने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध अहिंसक संघर्ष कर भारत को स्वतंत्रता दिलाई और उनका सम्पूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा। मनीष मक्कासर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज भी महात्मा गांधी की सत्य और अहिंसा की विचारधारा को आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बापू के दिखाए मार्ग पर चलकर उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं। महामंत्री गुरदीप चहल और पीसीसी सदस्य रामेश्वर चांवरिया ने कहा कि 30 जनवरी 1948 को आजादी के एक वर्ष के भीतर ही सत्य और अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी की हत्या कर दी गई थी। तभी से यह दिन शहीदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि भले ही गांधीजी को शारीरिक रूप से समाप्त कर दिया गया हो, लेकिन उनके विचार, प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और शांति के मूल्य आज भी करोड़ों भारतीयों के जीवन का मार्गदर्शन कर रहे हैं।

वर्तमान समय में इन मूल्यों को चुनौती दी जा रही है, लेकिन अंतत: गांधीजी के सिद्धांतों की ही विजय होगी। इस मौके पर प्रेम नायक, करणी सिंह राठौड़, जयदेव भिड़ासरा, इशाक खान, जयराम ढुकिया, मांगीलाल स्वामी, सुरेंद्र मारवाह, अमर सिंह सिहाग, गुरलाल मान, इशाक चायनाण, धर्मंद्र कुमार, जयपाल गिरी, हीरा सिंह, मोहनलाल इंदलिया, मान सिंह शाक्य, रणवीर सोनी, बबलू खान, कृष्ण स्वामी, सुनील टाक, विकास सैनी, वीरेंद्र गांधी, राधेश्याम सेठी मौजूद रहे।
