हनुमानगढ़। डॉ. भीमराव अम्बेडकर संघ ने टाउन स्थित सेंट्रल पार्क में भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर नगर परिषद प्रशासन से आग्रह किया है। शुक्रवार को संघ के पदाधिकारियों व सदस्यों ने इस संबंध में नगर परिषद प्रशासक-एडीएम को ज्ञापन सौंपा। संघ अध्यक्ष इन्द्र कुमार निनानिया व व्यवस्थापक पवन मौर्य ने बताया कि आगामी 14 अप्रैल को संघ की ओर से बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती पर विशेष कार्यक्रम प्रस्तावित है। संघ की मांग है कि कार्यक्रम से पूर्व सेंट्रल पार्क में बाबा साहेब की विशाल एवं भव्य प्रतिमा स्थापित की जाए। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा न केवल डॉ. अम्बेडकर के अतुलनीय योगदान का सम्मान होगी, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता और संविधानिक मूल्यों के प्रति जन-जागरूकता का भी प्रतीक बनेगी। इस मौके पर संतराम रेगर, राकेश मौर्य, कृष्ण लुगरिया, विकास झोरड़, राजेन्द्र रेगर, पंकज वाल्मीकि, रेणुप्रकाश जाटोलिया, अजय, राजेश गौड़ सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे। संघ ने नगर परिषद से मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई है।
